महिदपुर रोड: ड्रोन सर्वे में गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन, नायब तहसीलदार ने सुनी समस्याएं


उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राजमल राज कछवाय

महिदपुर , महिदपुर रोड क्षेत्र के जनहित में सदैव तत्पर पूर्व जनपद सदस्य गोपाल बैरागी के तत्वाधान में ग्रामीणों ने ड्रोन सर्वे के दौरान हुई गड़बड़ियों को लेकर  नायब तहसीलदार राकेश मित्तल को आवेदन देकर  अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महिदपुर के नाम दिया एक ज्ञापन।

आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि क्षेत्र में किए गए ड्रोन सर्वे के दौरान सर्वे कर्मचारियों एवं संबंधित पटवारी द्वारा अनेक त्रुटियां की गई हैं। कई मकानों एवं भवनों के वास्तविक मालिकों के नाम व पते गलत दर्ज कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, अनेक ग्रामीणों के निजी एवं वर्षों पुराने आबादी के मकानों और भवनों को भी सरकारी भवन के रूप में दर्ज कर दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे समस्त ग्रामवासियों में असमंजस एवं चिंता का माहौल है। लोगों को आशंका है कि भविष्य में इन गलत रिकॉर्ड के कारण उन्हें अपने मकान एवं संपत्ति से संबंधित सरकारी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि ड्रोन सर्वे में दर्ज किए गए सभी नामों एवं पतों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और जिन निजी मकानों एवं आबादी के भवनों को गलत तरीके से सरकारी दर्ज किया गया है, उनका वास्तविक रिकॉर्ड के आधार पर सुधार करवाया जाए।

नायब तहसीलदार ने दिया आश्वासन


नायब तहसीलदार राकेश कुमार मित्तल ने बताया कि महिदपुर रोड में गत वर्ष हुए सर्वे को लेकर कई परिवारों की समस्याएं सामने आई हैं, जिन पर ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है और उनकी समस्याएं सुनी गई हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की एक प्रमुख शिकायत यह थी कि पटवारी और पंचायत सचिव अलग-अलग बैठ रहे हैं, जिस पर पटवारी को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन दो घंटे पंचायत में सचिव के साथ बैठें, ताकि आपसी तालमेल से कार्यों का बेहतर संपादन हो सके।
प्रत्येक परिवार की अलग-अलग समस्याओं के निराकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि चूंकि सभी परिवारों की समस्याएं भिन्न-भिन्न हैं, इसलिए पटवारी द्वारा प्रत्येक मामले का अलग-अलग प्रतिवेदन तैयार कर तहसील में प्रस्तुत किया जाएगा। इन प्रतिवेदनों को समाधान के लिए कलेक्टर महोदय के पास भेजा जाएगा और वहां से संशोधन स्वीकृत होने के बाद संबंधित परिवारों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।जिससे ग्रामीणों को इधर-उधर जाने में समय और खर्च का बोझ न लगे।

इस निर्णय पर ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार एवं पटवारी की सराहना भी की।

Leave a Reply

Designed with WordPress