निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें – कलेक्टर
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के समस्त निर्माण विभागों एवं निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की भौतिक प्रगति एवं कार्यों की पूर्णता की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जिले में संचालित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ आमजन को समय पर मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धीमी प्रगति वाले निर्माण कार्यों में गति लाएं तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने वाले ठेकेदारों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों को पूर्ण करने में रुचि नहीं ली जा रही है अथवा कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनके विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान सहित समस्त निर्माण विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply