धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर राज्य सरकार आगामी 14, 15 एवं 16 नवम्बर को त्रिदिवसीय जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसके तहत राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में 14 नवम्बर को जबलपुर, 15 नवम्बर को धार एवं जोबट (जिला आलीराजपुर) और 16 नवम्बर को खंडवा जिले में राज्यस्तरीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। धार जिले में 15 नवम्बर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
धार में होगा विशेष कार्यक्रम
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 नवम्बर को धार पहुंचेगें तथा भगवान बिरसा मुंडा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री डा. यादव धार जिले में रोड शो भी करेंगे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच जायेंगे और उनसे संवाद कर शासकीय योजनाओं के लाभ प्रदाय का फ़ीडबैक भी लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के तहत पात्र पट्टेधारियों के प्लाट और मकान की रजिस्ट्री का अपने समक्ष निष्पादन भी करायेंगे। साथ ही धार जिलेवासियों को करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। भगवान बिरसा मुंडा जयंती को और भी विशेष बनाते हुए मुख्यमंत्री डा. यादव इसी दिन ‘डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट’ का लोकार्पण कर धार और आलीराजपुर जिले के किसानों के खेतों में नर्मदा जल से सिंचाई का अनुपम उपहार देंगे।
एक सिंचाई परियोजना बदलेगी दो जिलों की तकदीर और तस्वीर
प्रदेश के जनजातीय अंचलों में विकास की नई इबारत लिखने और किसानों के खेतों में टेल एंड तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार का एक और महत्वपूर्ण प्रयास अब धरातल पर उतरने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को जनजातीय बहुल धार जिले के पुलिस ग्राउंड डही में होने वाले राज्यस्तरीय आयोजन में नवनिर्मित ‘डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना’ का लोकार्पण करेंगे। मां नर्मदा के जल से सिंचित होने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना धार और आलीराजपुर दो जिलों के कुल 126 गांवों के किसानों के लिए खेती-किसानी की समृद्धि और नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारा संकल्प है कि खेतों तक पानी पहुंचे, किसान समृद्ध हों और जनजातीय अंचल विकास की मुख्यधारा में अपनी नई पहचान बनाए। डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
Leave a Reply