*दीपोत्सव पर फुटपाथ पर सामग्री बेचने वालों को 6 से 8 नवंबर तक बाजार बैठक वसूली में छूट – नपाध्यक्ष गेहलोत*


उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राजमल राज कछवाय

नागदा (नि.प्र.)। दीपोत्सव के पावन पर्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद नागदा की अध्यक्ष श्रीमती संतोष ओ.पी. गेहलोत ने शहर के मुख्य मार्गों के फुटपाथ पर बैठकर दीपावली से संबंधित सामग्री एवं अन्य सामान बेचने वाले छोटे व्यापारियों को राहत प्रदान करते हुए 6 से 8 नवंबर तक बाजार बैठक वसूली में छूट देने का निर्णय लिया है। इस दौरान बाजार की शेष व्यवस्थाएं पूर्ववत यथावत रहेंगी।
नपाध्यक्ष श्रीमती गेहलोत ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। सभी व्यापारी नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में नगर पालिका का सहयोग करें। दुकानों एवं ठेलों के आसपास गंदगी न होने दें तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई एवं कचरा संग्रहण की नियमित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने व्यापारियों से यह भी आग्रह किया कि मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो तथा आम नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
नपाध्यक्ष गेहलोत ने नागरिकों से दीपावली के अवसर पर अधिक से अधिक स्थानीय व्यापारियों एवं दुकानदारों से खरीदारी करने तथा ‘लोकल सामान अपनाने और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने’ की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने से शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और छोटे व्यापारियों के परिवारों को भी आर्थिक संबल मिलेगा।
उन्होंने सभी नगरवासियों एवं व्यापारियों से दीपोत्सव को स्वच्छता, सहयोग और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Designed with WordPress