श्री गोवर्धन गौशाला बरमंडल सहित आसपास की गौशालाओं में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गोपाष्टमी का पर्व
गौ माता का पूजन, भगवान श्रीकृष्ण की आराधना एवं श्री ऋण मुक्तेश्वर महादेव की महाआरती के साथ हुआ आयोजन, दैनिक दिव्य गौरव न्यूज़ सरदारपुर से शंकर लाल मारु की रिपोर्ट, बरमंडल से,
बरमंडल। क्षेत्र में गोपाष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री गोवर्धन गौशाला बरमंडल सहित आसपास के क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं में धार्मिक एवं सेवा भाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। गौशालाओं में सुबह से ही भक्तों एवं गौसेवकों का आगमन शुरू हो गया था। पूरे परिसर में भक्ति, उत्साह और गौ माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया कार्यक्रम में मां भवानी गौ सेवा महिला मंडल, मां अन्नपूर्णा गौ सेवा महिला मंडल समिति की सदस्याओं सहित गांव के गणमान्य नागरिकों, गौभक्तों एवं धर्मप्रेमी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सर्वप्रथम विधि-विधान के साथ गौ माता का पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई तथा श्री ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर महाआरती की गई। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर गौ माता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सेवा भावना प्रकट करते हुए गौ माता को सुदाना एवं गुड़ का भोग लगाया गया। मां भवानी गौ सेवा महिला मंडल की ओर से विशेष रूप से तीन बोरी सुदाना एवं ग्यारह किलो गुड़ गौ माता के भोग हेतु अर्पित किया गया। महिला मंडल की इस सेवा भावना एवं सहयोग की उपस्थित गौभक्तों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान गौ माता की जय, मोर मुकुट बंशी वाले की जय तथा श्री ऋण मुक्तेश्वर महादेव की जय के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। सभी ने गौ माता की सेवा,संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से गौसेवा के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
क्यों मनाई जाती है गोपाष्टमी?
हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का पर्व अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौ माता को चराने के लिए वन में ले जाना प्रारंभ किया था। इससे पूर्व वे बछड़ों की सेवा किया करते थे। इसी पावन स्मृति में गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है।
यह पर्व हमें गौ माता के प्रति सम्मान, प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण का गौ माता से विशेष प्रेम रहा है, इसी कारण उन्हें गोपाल एवं गोविंद के नाम से भी जाना जाता है। गोपाष्टमी के दिन गौ माता का पूजन, तिलक, आरती एवं उन्हें हरा चारा, गुड़ तथा अन्य खाद्य सामग्री अर्पित करने की परंपरा है गोपाष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं,बल्किभारतीय संस्कृति में गौ संरक्षण, जीव दया और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करने का पावन अवसर भी है।
अंत में सभी गौभक्तों ने गौ माता की सेवा एवं संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। गौशाला समिति के द्वारा पधारे हुए सभी गौभक्त का आभार व्यक्त किया गया।।

Leave a Reply

Designed with WordPress