टी-आकार ओवरब्रिज निर्माण के चलते जल्द बंद होगा रेलवे गेट नंबर 208
अंडरब्रिज से बायपास तक सड़क किनारे बेतरतीब अतिक्रमण से हर वक्त हादसे का खतरा
वार्ड 1 के पार्षद प्रतिनिधि ने प्रशासन की अनदेखी पर जताई चिंता, अतिक्रमण हटाने की मांग
टिमरनी- नगर में प्रस्तावित टी-आकार के ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन द्वारा जल्द ही रेलवे गेट नंबर 208 को बंद किया जाना है। गेट बंद होने के बाद भारी वाहनों को छोड़कर शहर के अधिकांश छोटे और मध्यम वाहनों का पूरा दबाव रेलवे अंडरब्रिज मार्ग पर आ जाएगा। लेकिन, विडंबना यह है कि इस वैकल्पिक मार्ग पर पहले से ही अतिक्रमण और अव्यवस्था का बोलबाला है, जिससे आगामी दिनों में स्थिति और भी भयावह होने के आसार हैं।
सड़क संकरी होने से लग रहा जाम, बढ़ रहा हादसों का अंदेशा
वर्तमान में भी अधिकांश वाहन इसी अंडरब्रिज के रास्ते से आवागमन कर रहे हैं। अंडरब्रिज से लेकर बायपास मार्ग तक दोनों ओर रहवासियों द्वारा पक्का व अस्थायी अतिक्रमण कर लिए जाने और सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े रहने के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है। परिणामस्वरूप, यहाँ आए दिन वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल
इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद प्रतिनिधि एवं कांग्रेस प्रवक्ता राजेन्द्र नागरे ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज से बायपास रोड़ के किनारे पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में हैं, जिससे हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
राजेन्द्र नागरे ने चेतावनी दी है कि यदि रेलवे गेट नंबर 208 बंद होने से पहले प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए इस मार्ग का अतिक्रमण नहीं हटाया, तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी और क्षेत्रवासियों को किसी बड़े हादसे का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

Leave a Reply