संविधान दिवस पर कलेक्टर कार्यालय में संविधान की उद्देशिका का हुआ सामूहिक वाचन

संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति व्यक्त की गई प्रतिबद्धता
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, भारतीय संविधान के प्रति सम्मान एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के भाव के साथ गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय झाबुआ में संविधान दिवस मनाया गया। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रातः 11 बजे कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘हम भारत के लोग’ के उद्घोष के साथ संविधान की उद्देशिका का वाचन करते हुए सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

संविधान दिवस का आयोजन भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन शासकीय सेवकों को अपने दायित्वों का निर्वहन संविधान की मूल भावना के अनुरूप निष्ठा, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनसेवा के भाव से करने की प्रेरणा देता है।

उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारत के संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करने तथा संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करने का संदेश देता है।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Designed with WordPress