फौती नामांतरण का प्रकरण लंबित रखने पर कलेक्टर श्री सिसोनिया के निर्देश पर हुई कार्रवाई
लापरवाही बरतने वाले पटवारी की बढ़ाई परिवीक्षा अवधि, एक वेतनवृद्धि भी रोकी
दो साल से लंबित था फौती नामांतरण का प्रकरण
संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा
रायसेन,
जिले में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा सभी अधिकारियों को आमजन से प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में अंतिम निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी क्रम में गत 01 नवम्बर 2026 को वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में शामिल किए जाने के संबंध में ग्राम गजंदा में आयोजित शिविर में ग्राम सुनेटी निवासी गोकुल ने आवेदन देते हुए बताया कि मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के बाद भी पटवारी हल्का नंबर-07, ग्राम समनापुर के पटवारी श्री लोकेश मेहरा द्वारा पिछले दो वर्षों से फौती नामांतरण की कार्यवाही नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सिसोनिया के निर्देश पर पटवारी श्री लोकेश मेहरा को 02 नवम्बर 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। पटवारी श्री मेहरा द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। फौती नामांतरण कार्य में गंभीर लापरवाही एवं कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम के अंतर्गत पटवारी श्री लोकेश मेहरा की एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने तथा उनकी निर्धारित परिवीक्षा अवधि में एक वर्ष की वृद्धि के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के राजस्व संबंधी प्रकरणों एवं शासकीय सेवाओं से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को समय पर राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply