12 नवंबर से होगा प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 377 मतदान केंद्रों पर देख सकेंगे मतदाता अपना नाम
11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां होंगी प्राप्त, बीएलओ और सुपरवाइजर्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण; 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
आष्टा। विधानसभा क्षेत्र की वर्ष 2027 के लिए तैयार की गई प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को एक साथ विधानसभा क्षेत्र के सभी 377 मतदान केंद्रों एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में किया जाएगा। मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मतदान केंद्रों पर नियुक्त सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को जनपद पंचायत आष्टा के सभा कक्ष में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण अनुविभागीय अधिकारी एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री महेंद्र प्रताप सिंह किरार तथा तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री रामलाल पगारे की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इसमें मास्टर ट्रेनर प्रेमनारायण श्रीवास्तव एवं दीपक सेन तथा कार्यालय के प्रोग्रामर मोहन मेवाड़ा द्वारा बीएलओ और सुपरवाइजर्स को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं एवं दावे-आपत्तियों के निराकरण की जानकारी विस्तार से दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान सभी बीएलओ को आवश्यक प्रपत्र वितरित किए गए तथा निर्देशित किया गया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करें। प्रारूप सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा अन्य आवश्यक सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में सभी निर्धारित केंद्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण कर 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रशासन ने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन नागरिकों के लिए अपने नाम एवं मतदाता विवरण की जांच करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।


Leave a Reply