एक ट्रैक्टर दूसरे के बोनट पर चढ़ा, बड़ा हादसा टला
टिमरनी- नगर की कृषि उपज मंडी में 25 नवंबर को उपज की तौल पहले कराने की जल्दबाजी के चलते एक हैरान करने वाला दृश्य देखने को मिला। यहाँ एक ट्रैक्टर सामने से दूसरे ट्रैक्टर के बोनट पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मंडी परिसर में अफरा-तफरी और अव्यवस्था का माहौल बन गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रैक्टर गाडरापुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। मंडी में उपज का तौल जल्दी कराने की होड़ में दोनों ट्रैक्टर चालक एक-दूसरे का रास्ता रोककर आमने-सामने खड़े हो गए। इसी खींचतान और जल्दबाजी के बीच अचानक एक ट्रैक्टर दूसरे के बोनट पर जा चढ़ा। समाचार लिखे जाने तक दोनों ट्रैक्टर उसी स्थिति में फंसे हुए थे।
मंडी प्रशासन ने व्यवस्थाओं पर जताई चिंता
इस घटना को लेकर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव राजेन्द्र धनोरिया ने मंडी की व्यवस्थाओं और व्यवहार को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में आए दिन किसानों द्वारा जाम की स्थिति निर्मित कर दी जाती है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कतारबद्ध और व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने में सहयोग नहीं किया जाता है। मंडी में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ भी कई बार अभद्रता की जाती है। मंडी प्रशासन परिसर के बाहर सड़कों पर यातायात और व्यवस्था बनाने में जुटा रहता है, जबकि भीतर आपसी दबंगई और जल्दबाजी के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
कुछ लोग रात के समय नशे की हालत में भी रहते हैं, जिससे मंडी की व्यवस्था सबसे अधिक प्रभावित होती है। सचिव धनोरिया ने चेताया कि यदि इस तरह की घटनाओं के बावजूद व्यवस्थाओं में सहयोग नहीं मिला, तो भविष्य में किसी बड़ी और गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Designed with WordPress