गोटेगांव नगर के मध्य से गुजरने वाले ओल्ड बॉम्बे रोड के सुधार एवं डामरीकरण की मांग
दीपक सराठे /दैनिक दिव्य गौरव न्यूज़
गोटेगांव नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेंद्र ठाकुर ने कलेक्टर को पत्र लिखकर सड़क सुधार कार्य शीघ्र कराने की मांग की।
गोटेगांव। नगर पालिका परिषद गोटेगांव की अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेंद्र ठाकुर ने गोटेगांव नगर की यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर के मध्य से गुजरने वाले ओल्ड बॉम्बे रोड के सुधार एवं डामरीकरण कार्य को प्राथमिकता से कराने की मांग की है।
इस संबंध में उन्होंने दिनांक 25 नवंबर 2026 को कलेक्टर महोदय, जिला नरसिंहपुर के नाम पत्र प्रेषित कर अवगत कराया कि मंडी बायपास से लेकर नरसिंहपुर रोड (टीले के पास कुम्हड़ाखेड़ा) तक ओल्ड बॉम्बे रोड, स्टेट हाईवे क्रमांक 22 का हिस्सा है, जिसका रखरखाव मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) द्वारा किया जाता है। वर्तमान में उक्त मार्ग में शहपुरा से दादा महाराज तक डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया कि उक्त सडक पूर्व से ही नगर के मध्य से होकर गुजरती है तथा इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव बना रहता है। लंबे समय से सड़क का समुचित रखरखाव नहीं होने एवं क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने मांग की है कि मंडी बायपास से नरसिंहपुर रोड तक नगर के बीच से गुजरने वाले ओल्ड बॉम्बे रोड के हिस्से का भी गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण एवं आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पत्र की प्रतिलिपि मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, जबलपुर के संभागीय प्रबंधक एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), गोटेगांव को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply