जिला व्यूरो शिवकुमार दुबे उदयपुरा थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने सांदीपनि विद्यालय में छात्रों से किया संवाद, साइबर सुरक्षा व यातायात नियमों की दी जानकारी
उदयपुरा (रायसेन)।
विशेष संवाददाता
आशीष रजक।
स्थानीय सांदीपनि (सीएम राइज) विद्यालय, उदयपुरा में पुलिस जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उदयपुरा थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें कानून, सुरक्षा तथा अनुशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
संवाद के दौरान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सचेत करते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। इसके साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने तथा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की समझाइश दी।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों (जैसे डायल-100/112, साइबर हेल्पलाइन 1930) की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे निडर होकर पुलिस की सहायता ले सकें। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लिया और पुलिस कार्यप्रणाली तथा करियर मार्गदर्शन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा,विद्यालय प्राचार्य वंदना मिश्रा, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply