भगवान सहस्त्रबाहु जयंती पर पूजन-अर्चन, भवन निर्माण में सहयोग का आह्वान

दीपक सराठे – दैनिक दिव्य गौरव न्यूज़

गोटेगांव। कलचुरि समाज के आराध्य देव भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जी का अवतरण दिवस सोमवार को कलचुरि समाज के प्रांगण कामथ वाई में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा मंडल की सहभागिता रही।

जिलाध्यक्ष श्री पंकज चौकसे के मुख्य आतिथ्य एवं तहसील अध्यक्ष श्री राजेंद्र राय गिट्ठल भैया के सानिध्य में भगवान सहस्त्रबाहु जी के तैलचित्र का षोडशोपचार पूजन-अर्चन एवं सामूहिक महाआरती की गई। जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। युवा मंडल द्वारा वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं मातृशक्ति का तिलक, रोली एवं पुष्पहारों से सम्मान किया गया।

समाज के वरिष्ठजनों श्री अरुण राय, श्री बद्री प्रसाद चौकसे, श्री गोप राय एडवोकेट, श्री दिनेश चौकसे एवं राष्ट्रीय सचिव श्री पंकज चौकसे ने भगवान सहस्त्रबाहु जी के जीवन एवं गौरवशाली इतिहास का स्मरण कर समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया।

तहसील अध्यक्ष श्री राजेंद्र राय ने देवउठनी एकादशी के बाद समाज भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने की जानकारी देते हुए समाजजनों से सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपील की। जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती मंजू चौकसे ने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा भवन निर्माण में सहयोग देने का आग्रह किया। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पंकज श्रद्धा चौकसे ने समाज के सभी बंधुओं से एकजुट होकर भवन निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री पंकज चौकसे, तहसील अध्यक्ष श्री राजेंद्र राय, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती मनीषा राय, युवा कार्यकारी अध्यक्ष श्री आशीष राय एवं युवा अध्यक्ष श्री हर्ष राय सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री मनीष राय एवं आभार प्रदर्शन श्री मनोज राय ने किया।

Leave a Reply

Designed with WordPress