श्रमोदय के विद्यार्थियों ने सीखा स्वच्छ ऊर्जा का महत्व, मैनिट के विशेषज्ञ ने बताए बिजली बचाने के तरीके

भोपाल प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौती के बीच स्वच्छ ऊर्जा की अहमियत समझाने के लिए शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय, मुगालिया छाप में नवीकरणीय ऊर्जा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 6 से 9 तक के 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मैनिट भोपाल के ऊर्जा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रशांत बारेदार ने विद्यार्थियों को सौर, पवन, बायोमास और जल विद्युत जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की जानकारी दी। उन्होंने आसान उदाहरणों से नवीकरणीय और अनवीकरणीय ऊर्जा के बीच अंतर समझाया।

छोटी-छोटी आदतों से बचा सकते हैं बिजली**

डॉ. बारेदार ने कहा कि प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए स्वच्छ ऊर्जा अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि ऊर्जा संरक्षण की शुरुआत घर और स्कूल से ही की जा सकती है। जरूरत नहीं होने पर पंखे और लाइट बंद रखना तथा एलईडी बल्ब का उपयोग करना जैसी छोटी आदतें बिजली बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और ऊर्जा संरक्षण से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञ ने उनके सवालों के जवाब देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा विषय पर चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने डॉ. बारेदार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी पैदा करते हैं।

Leave a Reply

Designed with WordPress